सीकर में मिला 10 हजार टन यूरेनियम

राजस्थान में सीकर के खंडेला में रोयल-सुहागपुरा इलाके में 10 हजार टन यूरेनियम का भंडार मिला है। इससे 40 साल तक बिजली ली जा. सकेगी। जमीन से 80 फीट नीचे करीब एक किमी लंबी सुरंग बनाई जा रही है। प्रोजेक्ट पर करीब छह हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। अगले एक-दो साल में यूरेनियम निकालने का काम शुरू हो जाएगा। इससे पहले यहां सुविधाएं जुटाने और यूरेनियम निकालने के जरूरी मशीनें लगाने का काम शुरू हो गया है।

फास्टैग से रोजाना 80 करोड़ रु. टोल कलेक्शन

फास्टैग के जरिए इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह का पहली बार का रिकॉर्ड 50 लाख ट्रांजैक्शन के साथ 80 करोड़ रु. के पार पहुंच गया। एनएचएआई ने कहा कि अभी तक 2.20 करोड़ से अधिक फास्टैग जारी किए जा चुके हैं एनएचएआई ने टोल प्लाजा पर वाहनों के बिना रुके आवाजाही के लिए 1 जनवरी 2021 से फास्टैग जरूरी किया है।

शादी समारोह के लिए वेबसाइट से बुक होंगी सरकारी संपत्तियां

केंद्र सरकार ने www.esampada.mohua. gov.in नाम से नया पोर्टल लॉन्च किया। इस पर देशभर में मौजूद केंद्र सरकार की ऐसी तमाम संपत्तियों की जानकारी है। इन्हें आम आदमी भी शादी-ब्याह या ऐसे ही अन्य पारिवारिक, सामाजिक, धार्मिक आयोजनों के लिए किराए पर ले सकता है। इस पोर्टल पर सरकारी संपत्तियों की मौजूदा स्थिति का पता चलेगा। यानी वे कब उपलब्ध हैं, कब नहीं। दूसरा- इनकी बुकिंग के लिए पूरी प्रक्रिया और भुगतान आदि का इंतजाम भी इसी पोर्टल के माध्यम से हो जाएगा।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मोबाइल एप भी लॉन्च किया। पोर्टल से 40 स्थानों पर 1,09,474 सरकारी आवास उपलब्ध हो सकेंगे। 28 स्थानों पर 45 कार्यालय परिसर हैं, यहां 1.25 करोड़ वर्गफीट ऑफिस स्पेस मिल सकेगा। इसके अलावा 62 स्थानों पर 1,176 हॉलिडे होम हैं, इनमें रूम/सुइट मिल सकेंगे। यही नहीं विज्ञान भवन जैसे स्थलों की बुकिंग हो सकेगी।

21 साल की आर्या देश की सबसे युवा मेयर होंगी

तिरुवनंतपुरम तिरुवनंतपुरम में पार्षद चुनी गईं आर्या राजेंद्रन को माकपा ने पार्टी की ओर से मेयर पद का प्रत्याशी बनाया है। 21 साल की आर्य की जीत तय है। चुनाव के बाद वह देश की सबसे युवा मेयर का कीर्तिमान बनाएंगी। निकाय चुनाव में 100 परिषद में माकपा ने 51 जीती हैं।

वैक्सीनेशन करवाने वाले पहले आईएएस डॉ. पृथ्वीराज

आईएएस डॉ. पृथ्वीराज ने मिथक तोड़ने और लोगों के लिए आगे होकर प्रेरणा बनने का काम किया। वे खुद सुबह जयपुर के अग्रसेन अस्पताल पहुंचे। बोले- मुझे टीका लगवाना है। टीका लगवाकर सर्टिफिकेट के साथ घर लौटी।

वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के स्टार ऑडिशन में नाम दर्ज

मानव कल्याण के लिए कार्य कर रही संस्था श्री नारायण मानव सेवा समिति के संस्थापक डॉ. चंद्रमोहन चहेता को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में शामिल किया गया। इन्हें पिछले 6 वर्षों से अब तक 12,500 हजार जरूरतमंद लोगों को कपड़े उपलब्ध कराने के लिए यह उपलब्धि मिली है।

सबसे कम उम्र की एचओडी बनीं डॉ.अमृता

कोटा मेडिकल कॉलेज में एक इतिहास बना। राज्य की सबसे कम उम्र की एचओडी के तौर पर शिशु रोग विभाग में डॉ. अमृता मयंगर ने विधिवत ज्वॉइन कर लिया। महज 41 साल की उम्र में डॉ. अमृता के एचओडी पद पर ज्वॉइनिंग के दौरान जेकेलोन हॉस्पिटल में प्रिंसिपल डॉ. विजय सरदाना, अधीक्षक डॉ. अशोक मूंदड़ा, उपाधीक्षक डॉ. गोपी किशन शर्मा समेत अन्य डॉक्टर मौजूद रहे।

सिक्किम की महिलाएं इंटरनेट चलाने में आगे, बिहार सबसे पीछे

इंटरनेट चलाने में सिक्किम की महिलाएं और गोवा के पुरुष देश में अव्वल हैं। वहीं इंटरनेट का कभी इस्तेमाल नहीं करने वालों में बिहार की महिलाएं और मेघालय के पुरुष पीछे हैं। बिहार की 10 में से 8 महिलाओं ने कभी इंटरनेट नहीं चलाया। ऐसी ही स्थिति टेक्नोलॉजी के लिए मशहूर आंध्र की भी है।
गुजरात, कर्नाटक से ज्यादा इंटरनेट चला रहीं जम्मू-कश्मीर और हिमाचल की महिलाएं
गुजरात, कर्नाटक की तुलना में जम्मू-कश्मीर और हिमाचल की ज्यादा महिलाएं इंटरनेट चला रही हैं। गुजरात की 69% महिलाओं ने इंटरनेट नहीं चलाया है।
यहां सबसे ज्यादा
राज्य महिलाएं
सिक्किम 76.7%
गोवा 73.7%
मिजोरम 67.6%
केरल 61.1%
लद्दाख 56.4%
यहां सबसे कम
राज्य महिलाएं
बिहार 20.6%
आंध्र प्रदेश 21.0%
त्रिपुरा 22.9%
प. बंगाल 25.5%
तेलंगाना 26.5%
गोवा में 10 में से 9 महिलाओं के पास खुद का मोबाइल फोन, देश में सबसे ज्यादा
राज्य 2019-20 2015-16
गोवा 91.2% 80.9%
सिक्किम 88.6% 79.8%
केरल 86.6% 81.2%
लक्षद्वीप 84.0% 64.9%
नागालैंड 82.5% 70.4%

आयुष्मान भारत महात्मा गांधी योजना जनवरी में शुरू होगी, 50 लाख लोग और जुड़ेंगेः सीएम

राज्य सरकार की दो साल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किसान कर्ज माफी, स्वास्थ्य सेवाओं और ऊर्जा क्षेत्र से लेकर नई खनिज नीति का भी जिक्र किया। गहलोत ने कहा कि आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना नए साल में जनवरी तक शुरू हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इसमें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लोगों को भी शामिल किया है। इससे प्रदेश में 50 लाख लोग इस योजना से अतिरिक्त जुड़ेंगे। गहलोत ने कहा कि इसका भार राज्य सरकार उठाएगी। उन्होंने कहा कि पहले इस योजना में 3 लाख रुपए तक बीमा था जिसे बढ़ाकर 5 लाख रुपए कर दिया है।

प्रदेश में 13,529 स्वास्थ्य मित्र का चयन किया

प्रदेश में निरोगी राजस्थान अभियान के तहत अब तक 13,529 स्वास्थ्य मित्र का चयन कर लिया गया है। इनमें 6780 पुरुष और 6749 महिला शामिल हैं। प्रदेश के पांच जिलों जयपुर, भीलवाड़ा, श्रीगंगानगर, बारां और अजमेर में कम संख्या में चयन किया गया है। जबकि झालावाड़, बूंदी, चूरू, जालौर, प्रतापगढ़, चित्तोड़गढ़, नागौर, राजसमंद, उदयपुर, बांसवाड़ा, हनुमानगढ़, दौसा, पाली, सीकर, जोधपुर और अलवर समेत 20 जिले ऐसे है, जिनमें 100 फीसदी टार्गेट पूरा कर लिया है।

START DAILY QUIZ

Leave a Reply