भारतीय वायु सेना की महिला फायटर पायलट भावना कांत गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने वाली पहली महिला

भारतीय वायु सेना की महिला फायटर पायलट भावना कांत इस साल 26 जनवरी की परेड में शामिल होने वाली पहली महिला पायलट हैं भावना बिहार के दरभंगा जिले के बाऊर गांव की रहने वाली हैं।
बाइडेन सरकार में सब पहली बार

बाइडेन की कैबिनेट अमेरिकी इतिहास में नस्लीय तौर पर सबसे विविध होगी। कैबिनेट के साथियों में से कई के साथ ‘पहली बार’ का संयोग है। जैसे…
कमला हैरिसः पहली महिला उपराष्ट्रपति, पहली गैरश्वेत महिला उपराष्ट्रपति, पहली एशियन भी।
डेब हालैंडः पहली नैटिव अमेरिकी कैबिनेट सेक्रेटरी बनाई जा रही हैं।
जेनेट येलेनः पहली ट्रेजरी सेक्रेटरी
लॉयड ऑस्टिनः पहले अश्वेत रक्षा मंत्री बनाए जा रहे हैं।
अलेजांद्रो मेयरकासः पहले शरणार्थी आंतरिक सुरक्षा की संभालेंगे।
पीट बटिगिगः कैबिनेट में शामिल होने वाले पहले समलैंगिक। ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी बनेंगे।
एवरिल हैन्सः नेशनल इंटेलिजेंस की पहली महिला डायरेक्टर।
नीरा टंडनः मैनेजमेंट एंड बजट संभालने वाली पहली गैरश्वेत।
वनिता गुप्ताः डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस संभालने वाली गैरश्वेत।
जेवियर बेकेराः हेल्थ एंड ह्यूमन सर्विसेज में पहले लैटिन अमेरिकी।
बाइडेन के कुल नॉमिनी में आधी महिलाएं और आधे अश्वेत हैं।
5 महिलाएं भी पहली बार
कैबिनेट में पहली बार पांच महिलाएं होंगी। सबसे पहले 1933 में रूजवेल्ट की कैबिनेट में महिला शामिल हुई थी। 1993 में क्लिंटन की कैबिनेट में 3 महिलाएं रहीं। ओबामा के पहले कार्यकाल में आंकड़ा चार पर पहुंचा। ट्रम्प कैबिनेट में 2 थीं।
नागौर की स्वाति राजपथ पर फ्लाई पास्ट का नेतृत्व करने वाली पहली महिला

गणतंत्र दिवस की परेड राजस्थान के लिए गर्व का अवसर लेकर आई है। क्योंकि इस बार राजपथ पर होने वाली फ्लाई पास्ट का नेतृत्व नागौर की बेटी और वायुसेना की फ्लाइट लेफ्टिनेंट स्वाति राठौड़ करेंगी। गणतंत्र दिवस के इतिहास में पहली बार किसी महिला पायलट को फ्लाई पास्ट का जिम्मा मिला है। स्वाति इससे पहले वायुसेना दिवस पर फ्लाई पास्ट की अगवानी कर चुकी हैं। मूल रूप से नागौर के प्रेमपुरा निवासी स्वाति जयपुर के आईसीजी कॉलेज और अजमेर में पढ़ाई कर चुकी हैं। केरल बाढ़ के दौरान स्वाति ने अपनी जान जोखिम में डालकर हजारों लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया था।
गजेंद्र सिंह शक्तावत का निधन

जयपुर उदयपुर के वल्लभनगर से कांग्रेस विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत (48) का बुधवार सुबह दिल्ली में निधन हो गया। वे लिवर संक्रमण से पीड़ित थे। मृत्यु के समय उनकी कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। वे कोरोना को हरा चुके थे। प्रदेश में ऐसा पहली बार है, जब 4 माह में ही 4 विधायकों का निधन हुआ है। इनमें 3 कांग्रेस व एक भाजपा की विधायक थीं। अक्टूबर में सहाड़ा से कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी, नवंबर में सुजानगढ़ से कांग्रेस विधायक मास्टर भंवरलाल व राजसमंद से भाजपा विधायक किरण माहेश्वरी का निधन हुआ था। ऐसे में विधानसभा में 196 सदस्य ही बचे हैं। इन 4 सीटों पर मार्च तक उपचुनाव होने की संभावना है।
राजकुमार को मिला सड़क सुरक्षा एवं गुड सेमेरिटन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार

एसएमएस अस्पताल में केपेसिटी बिल्डिंग एंड स्किल डवलपमेंट सेन्टर के प्रभारी राजकुमार राजपाल को सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने और सड़क सुरक्षा में उल्लेखनीय काम करने पर नेशनल अवार्ड मिला है। अवार्ड नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2021 के अवसर पर केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी और केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ओर से राजकुमार को सड़ सुरक्षा एवं गुड सेमेरिटन अवार्ड प्रदान किया है। जिन्हें दो लाख रुपए की नकद राशि, प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिंह दिया गया है। अधिकारियों, कर्मचारियों को गुड सेमेरिटन बनने, सड़क सुरक्षा और बीएलएस के साथ-साथ सीपीआर का प्रशिक्षण दे चुके है।
वर्ष 2021 में जी-7 समिट का आयोजन ब्रिटेन के कॉर्नवाल में किया जाएगा

वर्ष 2021 में जी-7 समिट का आयोजन ब्रिटेन के कॉर्नवाल में किया जाएगा। इस साल के सम्मेलन में भारत को भी आमंत्रित किया गया है। जी-7 में ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, जापान, इटली, अमेरिका और यूरोपीय संघ सदस्य हैं।
इंडोनेशिया के पूर्वी जावा में स्थित सेमरू ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ

इंडोनेशिया के पूर्वी जावा में स्थित सेमरू ज्वालामुखी में हाल ही में विस्फोट हुआ है। यह दुनिया के सबसे ज्यादा सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक है। इसे द ग्रेट माउंटेन के नाम से भी जाना जाता है। यह ज्वालामुखी पैसिफिक रिंग ऑफ फायर में स्थित है।
तिरुवल्लुवर दिवस : 15 जनवरी

तिरुवल्लुवर दिवस इस साल 15 जनवरी को मनाया गया। तिरुवल्लुवर तमिल के कवि और संत थे। संगम साहित्य में तिरुक्कुरल या ‘कुराल’ की रचना का श्रेय उन्हें ही दिया जाता है। यह दिवस पहली बार 17-18 मई को साल 1935 में मनाया गया था।
सरकारी कॉलेजों में अब होगा राजीव गांधी ई-कंटेंट बैंक

प्रदेश के सभी गवर्नमेंट कॉलेजों में स्टूडेंट्स की सुविधा के लिए ई कंटेंट बैंक बनाया जाएगा। शिक्षा आयुक्तालय ने इसका नाम राजीव गांधी ई-कंटेंट बैंक रखा है। इसकी स्थापना और क्रियान्वयन के संबंध में प्रिंसिपल्स को निर्देश जारी किए हैं। प्रिंसिपल्स को अपने कॉलेज में कार्यरत सभी एसोसिएट एवं असिस्टेंट प्रोफेसर द्वारा तैयार ई-कंटेंट बैंक अपलोड करने के संबंध में शपथ पत्र भी आयुक्तालय को भेजना होगा संबंधित प्रिंसिपल को 30 जनवरी तक इसका प्रोसेस पूरा करना है। ई कंटेंट एक जगह एकत्रित करने से स्टूडेंट्स के हित में इनके सब्जेक्ट मैटेरियल का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे विशेष रूप से दूर-दराज क्षेत्रों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को फायदा मिलेगा। कॉलेज स्तर पर इस योजना को लागू करने के लिए ई कंटेंट समिति का भी गठन किया जाएगा।
भारत और फ्रांस में राफेल का होगा रोमांचक मुकाबला

इंडियन एयरफोर्स का किसी भी देश के साथ इस वर्ष का पहला युद्धाभ्यास जोधपुर में शुरू हो गया। फ्रांस के साथ हो रहे इस युद्धाभ्यास डेजर्ट नाइट 21 में भारत अपने राफेल फाइटर जेट को आजमाएगा। पहले दिन दोनों देशों के वायुसैनिकों ने आपसी मुलाकात के बाद 24 जनवरी तक चलने वाले युद्धाभ्यास की रणनीति पर चर्चा की। अब भारत और फ्रांस के राफेल के बीच रेगिस्तान के आसमान में रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। इसके लेकर दोनों देशों के राफेल जोधपुर पहुंच चुके हैं।