देश में गोबर से बना ‘वैदिक पेंट’ मिलेगा

देश में गोबर से बना ‘वैदिक पेंट’ मिलेगा। यह डिस्टेंपर और इमल्शन के रूप में होगा। पर्यावरण के अनुकूल पेंट में गैर विषैले, एंटी-बैक्टीरियल, एंटीफंगल और धोने योग्य गुण होंगे। नितिन गडकरी ने कहा कि खादी और ग्रामोद्योग आयोग के जरिए गाय के गोबर से बना वैदिक पेंट लॉन्च किया जाएगा। इससे हर किसान को साल में 55 हजार रु. की अतिरिक्त आमदनी होगी।
भारत और बांग्लादेश के बीच 55 सालों से बंद चिलहटी हल्दीबाड़ी रेल लिंक फिर से शुरू

भारत और बांग्लादेश के बीच 55 सालों से बंद चिलहटी हल्दीबाड़ी रेल लिंक को फिर से शुरू किया गया है। 1965 में भारत पाकिस्तान युद्ध के समय इस रेल लिंक को बंद कर दिया गया था। इसकी मदद से अब पश्चिम बंगाल और असम तक संपर्क हो जाएगा।
केंद्र ने योग को खेल की मान्यता दी

केंद्र ने योग को प्रतिस्पर्धी खेल की मान्यता दे दी है। इससे योग प्रतियोगिताओं को सरकार की मदद मिल पाएगी। आयुष राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक और खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने यह घोषणा की। नाइक ने कहा कि योग क्षेत्र के विशेषज्ञों से तीन-चार साल तक इस पर विचार-विमर्श के बाद यह फैसला किया गया है।
राजस्थान में गहलोत सरकार के दो साल पूरे होने पर बड़ी सौगातों का ऐलान

राजस्थान में गहलोत सरकार के दो साल पूरे होने पर बड़ी सौगातों का ऐलान हुआ है। प्रदेश 10,805 करोड़ रुपए के 1374 कार्यों, योजनाओं और परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान पिछले दो साल के कार्यकाल के दौरान राज्य सरकार की ओर से किए गए कार्यों को भी बताया जा सकता है। राज्य सरकार की ओर से दो साल में लिए गए फैसलों को लेकर रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया गया है। इसमें कृषि, किसानों की कर्जमाफी, युवाओं को दिए गए रोजगार, बेरोजगारी भत्ता, कोरोनाकाल में हुए कार्यों की उपलब्धियों को शामिल किया गया है।
ब्रिटेन में आयोजित होने वाले शिखर सम्मेलन में भारत को आमंत्रित किया

ब्रिटेन में आयोजित होने वाले शिखर सम्मेलन में भारत को भी आमंत्रित किया गया है। यह संगठन दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों का समूह है, जिसमें कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और ब्रिटेन सदस्य हैं।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान ने सीएमएस-01 लांच किया

सीएमएस-01 एक भारतीय उपग्रह है जिसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान द्वारा लांच किया गया है। इस सेटेलाइट से टेलीकम्यूनिकेशन सुविधाओं का विस्तार होगा। यह 2011 में लांच की गई जीसेट-2 का स्थान लेगा। अगले सात साल तक इस उपग्रह से सेवाएं ली जाएंगी।
दुनिया का सबसे भद्दा ऑर्चिड फूल

आमतौर पर ऑर्चिड फूल अपने आकर्षक रंगों और आकार के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इसी साल मेडागास्कर के नमी वाले इलाके में खोजा गया ‘गैस्ट्रोडिया एग्निसेल्ल्स’ दुनिया का सबसे भद्दा फूल है। लंदन के रॉयल बॉटनिकल गार्डेस ने यह घोषणा की है। भूरे रंग का छोटा प्लांट है। इसका अधिकांश जीवन जमीन के अंदर ही रहता और फल लगने पर जमीन से बाहर आता है।
निर्भया फंड का पूरा इस्तेमाल करने वाला पहला राज्य राजस्थान केंद्र ने अन्य राज्यों को रोल मॉडल के रूप में लेने की सलाह दी

केंद्र सरकार की ओर से निर्भया फंड का पूर्ण इस्तेमाल करने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य बन गया है। एफएसएल ने निर्भया फंड से मिले 6.28 करोड़ रुपए में से चार नई मशीनें खरीदी है और वहीं, डीएनए एवं साइबर डिविजन में 20 संविदा कर्मियों की सेवाएं ली गई जिससे न केवल एफएसएल की पेंडेंसी में कमी आई बल्कि, पीडितों को समय पर न्याय दिए जाने में भी मदद मिली। उधर, राज्य में फंड के इस्तेमाल पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी खुशी जाहिर की है और अन्य राज्यों के अधिकारियों से कहा है कि वे राजस्थान के एफएसएल को रोल मॉडल अपनाकर फंड का इस्तेमाल करे।
अजमेर डेयरी को 100 टन सफेद मक्खन का रिकॉर्ड ऑर्डर मिला

अजमेर डेयरी इतिहास रचने जा रही है। उत्तर भारत का यह पहला डेयरी प्लांट बन गया है, जिसमें इतने अत्याधुनिक संसाधन लगे होने के साथ ही इतने विशाल स्तर पर डेयरी उत्पाद बन रहे हैं। 313.11 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ दुग्ध प्रोसेसिंग प्लांट का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से उद्घाटन करेंगे। अजमेर डेयरी का प्लांट जहां उत्तर भारत का सबसे बड़ा प्लांट बन गया है, वहीं डेयरी को रिकॉर्ड 100 टन सफेद मक्खन का ऑर्डर भी मिला है। डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने वे बताया कि तीस साल पहले देखा गया सपना अब साकार हुआ है।
1990 में यहां आने के बाद उन्होंने यह सपना देखा था कि इस डेयरी को वे देश की सर्वोच्च डेयरी के पायदान पर ले जाएंगे। यह सपना आज सभी के प्रयासों से सफल हो गया है। चौधरी ने बताया कि डेयरी के नवीन संचालित दुग्ध प्रोसेसिंग प्लांट का उद्घाटन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार को करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा, कृषि पशुपालन मंत्री लाल चन्द कटारिया, खनिज एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया, सहकारिता मंत्री उदय लाल आंजना, शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा भी जयपुर में मौजूद रहेंगे। वहीं अजमेर के कलेक्ट्रेट स्थित भारत निर्माण सेवा केन्द्र पर सांसद भागीरथ चौधरी, विधायक अनिता भदेल उपस्थित रहेंगी।
5जी टेक्नोलॉजीः सपना साकार होने के और करीब

केंद्र ने 5जी के लिए स्पेक्ट्रम नीलामी की मंजूरी दे दी है। अगले साल मार्च में यह नीलामी होगी। इसी के साथ हमारा 5जी का सपना साकार होने के और करीब आ चुका है। 5जी से दुनियाभर में इंटरनेट ऑफ थिंग्स, रोबोटिक्स, एआई और इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन में काफी तेजी आने की उम्मीद है। जो देश, कंपनियां और लोग इस नई टेक्नोलॉजी को तेजी से अपनाएंगे वे इस दशक के अंत में सबसे आगे रहेंगे।
वॉइस कॉल से शुरू हुई थी मोबाइल सेवा, सफर जारी
1980 1जीः मोबाइल वॉइस कॉल
1990 2जीः मोबाइल वॉइस कॉल और एसएमएस
2000 3जीः मोबाइल वेब ब्राउजिंग
2010 4जीः मोबाइल वीडियो और डेटा स्पीड
2020 5जीः सबसे तेज संचार संभव होगा
पाक बोर्ड से परेशान आमिर ने लिया संन्यास

पाक तेज गेंदबाज मो. आमिर ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया। उन्होंने देश के बोर्ड पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया और कहा कि वे पीसीबी के अंडर नहीं खेल सकते।
कुश्तीः अंशु मलिक ने वर्ल्ड कप में सिल्वर जीता, यह उनका सीनियर में तीसरा मेडल

अंशु मलिक ने इंडिविजुअल वर्ल्ड कप में सिल्वर मेडल जीता। वे 57 किग्रा की गोल्ड मेडल बाउट में मोल्दोवा की अनास्तासिया निचिता से 1-5 से हार गईं। यह अंशु का सीनियर लेवल पर तीसरा मेडल है। वे टूर्नामेंट में मेडल जीतने वाली भारत की एकमात्र महिला पहलवान रहीं।