मिताली राज ने 10 हजार रन बनाने वाली दुनिया की दूसरी व अकेली भारतीय महिला क्रिकेटर बनी

भारतीय महिला क्रिकेट की वनडे टीम की कप्तान मिताली राज ने इतिहास रचा। वह 10 हजार रन बनाने वाली दुनिया की दूसरी व अकेली भारतीय महिला क्रिकेटर बन गईं। लखनऊ में द. अफ्रीका के खिलाफ यह रेकॉर्ड बनाया।
महिला व बालिकाओं को सशक्तिकरण की योजनाओं की जानकारी देने को चलेगा जागरूकता संचार वाहन

जयपुर और दौसा की ग्राम पंचायतों में महिला व बालिकाओं के समस्त विकास और सशक्तिकरण से संबंधित योजनाएं इंदिरा महिला शक्ति, बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओ, किशोरियों के लिए योजना, बाल विवाह मुक्त राजस्थान अभियान आदि पर जागरूकता के लिए जागरूकता संचार वाहन चलाया जाएगा। साथ ही नौबत बाजा मिस्ड कॉल वाला रेडियो के नंबर 7733959595 पर कॉल करके शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिलाओं, बालिकाओं और युवाओं के सशक्तीकरण से संबंधित विभिन्न योजनाओं और सूचनाओं की जानकारी भी ली जा सकेगी। महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश ने यहां जवाहर कला केंद्र से महिलाओं और बालिकाओं से जागरूकता संचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन महिला अधिकारिता विभाग, यूएनएफपीए और आरईसी के संयुक्त तत्वाधान में चलाया जाएगा।
गांधी विशेषांक ‘रिहाण’ पत्रिका का विमोचन

राजस्थान सिंधी अकादमी के गांधी विशेषांक ‘रिहाण’ का विमोचन शुक्रवार को किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि जस्टिस जीआर मूलचंदानी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व महाधिवक्ता और वरिष्ठ गांधीवादी विचारक जीएस बाफना ने की। विशिष्ट अतिथि शांति और अहिंसा प्रकोष्ठ के समन्वयक मनीष शर्मा रहे। दूरदर्शन के पूर्व निदेशक और रिहाण पत्रिका के संपादक हरीश करमचंदानी ने सिंधी स्वतंत्रता सेनानी पद्मश्री हुंदराज दुखायल का गीत जो बापू के व्यक्तित्व से प्रभावित था, पढ़कर सुनाया। अकादमी के पूर्व अध्यक्ष नरेश कुमार चंदनानी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
99% ट्रेनों का समय पर संचालन कर अजमेर मंडल देश में दूसरे स्थान पर

ट्रेनों का समय पर संचालन करने के लिए उत्तर-पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल को देश में दूसरा स्थान मिला है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हाल ही में रेलवे बोर्ड ने देशभर के मंडलों का ट्रेन ऑपरेशन में रैंकिंग जारी की। जिसमें रेलवे का रांची मंडल 99.62, उत्तर-पश्चिम रेलवे का अजमेर मंडल 99.30 और रतलाम मंडल 99 फीसदी ट्रेनों को ऑन टाइम (सही समय पर) संचालन कर रहा है। उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक आनंद प्रकाश और अजमेर मंडल के डीआरएम नवीन परसुरामका ने अजमेर मंडल के ट्रेन ऑपरेशन के मुखिया विजय सिंह मीना को बधाई दी। साथ ही जीएम आनंद प्रकाश ने सभी मंडलों को इस कीर्तिमान स्थापित करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि इससे पहले भी की-परफॉर्मेंस इंडेक्स (केपीआई) में अजमेर मंडल ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया था।
डॉ. बादल को मिला राज. बाल साहित्य पुरस्कार

साहित्य अकादमी, नई दिल्ली की ओर से प्रतिवर्ष दिया जाने वाला राजस्थानी बाल साहित्य पुरस्कार इस बार रायसिंहनगर के साहित्यकार डॉ. मंगत बादल के नाम घोषित हुआ है। राजस्थानी भाषा परामर्शक मंडल के संयोजक मधु आचार्य ‘आशावादी’ ने बताया कि उनकी काव्य कृति ‘कुदरत रो न्याव’ पर इस वर्ष का राजस्थानी बाल साहित्य पुरस्कार दिया जाएगा।
जयपुर की मिताली बनी ‘मोस्ट इंस्पायरिंग विमन’

स्वर्ण भारत परिवार तथा एमएसएमई चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया की ओर से जयपुर की नृत्य गुरु मिताली घोष को दिल्ली में ‘मोस्ट इंस्पायरिंग विमन ऑफ इंडिया-2021’ खिताब से नवाजा गया। कार्यक्रम में अपने अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने के लिए अलग-अलग राज्यों से 101 लोगों को सम्मानित किया गया। मिताली को इससे पहले भी डॉक्टर अब्दुल कलाम पुरस्कार और अन्य कई अवॉर्ड्स से नवाजा जा चुका है। कार्यक्रम में संदीप मारवाह, सोनल मानसिंह आदि हस्तियों ने शिरकत की।
जापानी पीएम आबे ने 2007 में क्वाड की पहल की थी

क्वाड यानी क्वाड्रिलेटरल सिक्युरिटी डायलॉग की शुरुआत साल 2007 में जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने मनमोहन सिंह के सहयोग से की थी। 2008 में भारत और ऑस्ट्रेलिया ने खुद को समूह से अलग कर लिया। 2017 में एशियन सम्मेलन के दौरान यह ग्रुप एक बार फिर नए स्वरूप में सामने आया। शुक्रवार को 2017 में हुई नई शुरुआत के बाद चारों राष्ट्र पहली बार एक साथ बैठक कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता मोइली व अनामिका सहित 20 को साहित्य पुरस्कार

साहित्य अकादमी ने 20 भाषाओं में अपने सालाना साहित्य अकादमी पुरस्कारों की घोषणा कर दी। सात कविता-संग्रह, चार उपन्यास, पांच कहानी संग्रह, दो नाटक, एक-एक संस्मरण और महाकाव्य के लिए पुरस्कार घोषित किए गए। कांग्रेस नेता एम वीरप्पा मोइली को कन्नड़ साहित्य के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, मराठी उपन्यासकार नंदा खरे को भी पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए चुना गया, पर पुरस्कार ठुकरा दिया। इस बार हिंदी की कवयित्री, लेखिका और आलोचक अनामिका को उनके कविता संग्रह ‘टोकरी में दिगन्त’ के लिए पुरस्कार मिला है। अंग्रेजी लेखिका अरुंधती सुब्रमण्यम को भी चुना गया है। उर्दू में हुसैन-उल-हक को उपन्यास ‘अमावस में ख्वाब’ के लिए पुरस्कार दिया जा रहा है।
नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत आयोजित कॉन्फ्रेंस ‘मिलिटेरिया 2021’ को संबोधित करेंगे

नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत जयपुर में रक्षा क्षेत्र से संबंधित विषयों पर आयोजित कॉन्फ्रेंस ‘मिलिटेरिया 2021’ को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम सुबह 10.15 बजे होटल नारायण निवास में शुरू होगा। इसमें रक्षा क्षेत्र में स्वदेशीकरण, आत्मनिर्भर भारत, साइबर खतरों समेत ? रक्षा संबंधी विभिन्न विषयों पर नामी हस्तियां अपनी राय रखेंगी। इससे पहले दक्षिण-पश्चिम कमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल आलोक क्लेर ने एक कार्यक्रम में कॉन्फ्रेंस की लॉन्चिंग की। वह खुद भी एक सत्र में बतौर वक्ता शामिल होंगे। इसके अलावा प्रमुख सत्रों में पूर्व गृह सचिव राजीव महर्षि, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सतीश दुआ, लेफ्टिनेंट जरनरल (सेवानिवृत्त) राजेश पंत, टाटा डिफेंस के एमडी सुकरन, डीसीएम श्रीराम ग्रुप के आलोक बी. श्रीराम शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार स्वर्गीय जनरल अमर सिंह कानोता के सम्मान में यह आयोजन किया जा रहा है।
उत्तराखंड में नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने मंत्रिमंडल का गठन किया

उत्तराखंड में नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने मंत्रिमंडल का गठन किया। इसमें 11 मंत्री शामिल किए गए हैं। प्रदेशाध्यक्ष की कमान संभाल रहे बंशीधर भगत को भी मंत्री बनाया है। मंत्रिमंडल गठनसे पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बंशीधर की जगह हरिद्वार के विधायक मदन कौशिक को प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी।