फ्रांस ने अंतरिक्ष में अपने सैन्य अभ्यास को एस्टरएक्स नाम दिया

फ्रांस ने अंतरिक्ष में अपने सैन्य अभ्यास को एस्टरएक्स नाम दिया है। यह नाम उसने 1965 में अपने पहले उपग्रह के नाम पर रखा है। इस अभ्यास को फ्रांस के स्पेस कमांड द्वारा आयोजित किया गया। इस अभ्यास को एक ऑपरेशन कक्ष में 18 सिम्युलेटेड घटनाओं के आधार पर कार्यान्वित किया जाएगा। यूरोप में इस तरह का अभ्यास करने वाला फ्रांस पहला देश है।
ब्रह्मकुमारी संस्था की मुख्यिा दादी हृदयमोहिनी का निधन

ब्रह्मकुमारी संस्था की मुखिया दादी हृदयमोहिनी (गुलजार दादी) का देहावसान हो गया। वे 93 वर्ष की थीं। मुंबई के सैफी अस्पताल में गुरुवार सुबह 10:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार माउंट आबू में शनिवार को होगा। बोर्डिंग स्कूल में चौथी कक्षा तक पढ़ी दादी जब ध्यान में बैठतीं, तो उन्हें दिव्य अनुभूतियां होतीं। उन्हें 27 मार्च 2020 को 104 वर्षीय राजयोगिनी दादी जानकी के निधन के बाद उत्तराधिकारी बनाया गया था। दादी ने 14 वर्ष तक बाबा के सानिध्य में खाना-पीना छोड़कर दिन-रात योग साधना की। बाबा एक-एक सप्ताह का मौन कराते थे। तभी से दादी का स्वभाव बन गया था कि जितना काम हो, उतनी ही बात करो। अंत समय तक वह मौन में रहीं। तपस्या के दौरान 14 साल तक वह बाहर भी नहीं निकलीं थीं।
प्रदेश में 6 माह तक हड़ताल नहीं कर सकेंगे डॉक्टर, नर्स व एंबुलेंस कर्मचारी

प्रदेश में अगले 6 माह तक डॉक्टर, नर्स, एंबुलेंसकर्मी सहित मेडिकल सेवाओं से जुड़े कोई भी कर्मचारी हड़ताल नहीं कर सकेंगे। मेडिकल सेवाओं में राजस्थान एसेंशियल सर्विसेज मेंटीनेंस एक्ट (रेस्मा) की अवधि 6 माह के लिए बढ़ा दी है। कोरोना को देखते हुए 14 मार्च 2020 को रेस्मा लगाया गया था। अब इसे 14 सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया गया है। गृह विभाग ने रेस्मा अवधि बढ़ाने की अधिसूचना जारी कर दी है। रेस्मा लागू होने के बाद अब मेडिकल से जुड़ी सभी सेवाओं में हड़ताल या कार्य बहिष्कार गैर कानूनी हो गया है। हड़ताल करने वालों को बिना वारंट गिरफ्तार किया जा सकेगा। मेडिकल सेवाओं से जुड़े कई कर्मचारी संगठन मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार की तैयारी में थे। रेस्मा की अवधि बढ़ने से वे ऐसा नहीं कर पाएंगे। बताया जा रहा है कि कोरोना वैक्सीनेशन और कोरोना केस बढ़ने के बीच हड़ताल रोकने के कारण सरकार ने यह फैसला लिया है। ऐसे में आम लोगों की मेडिकल से जुड़ी सेवाएं बाधित नहीं होंगी।
5जी सर्विस साल के अंत तक प्रदेश में शुरू होने की संभावना

देश में 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी के बाद अब टेलीकॉम कंपनियां जल्द ही अलग-अलग सर्किल में 5जी तकनीक पर काम शुरू करेगी। राजस्थान की बात करें तो यहां जियो, एयरटेल और वीआई ने 5जी स्पेक्ट्रम खरीदे हैं। हालांकि स्पेक्ट्रम नीलामी के बाद केन्द्र सरकार से स्पेक्ट्रम हासिल करने की प्रक्रिया बाकी है, लेकिन केन्द्र से हरी झंडी मिलने के बाद इस साल के आखिर तक राजस्थान में 5जी सर्विस शुरू होने की पूरी उम्मीद है। फिलहाल स्पैक्ट्रम नीलामी की प्रक्रिया हुई लेकिन टेलीकॉम कंपनियां 5जी टेक्नोलॉजी के लिए कौनसेकौनसे उपकरण काम में लेगी, इस पर केन्द्र सरकार काम रही है। देश में 5जी सर्विस शुरू होने से पहले ही मोबाइल कंपनियों ने 5जी स्मार्टफोन बाजार में उतार दिए हैं।
गूगल पे पर ट्रांजेक्शन हिस्ट्री डिलीट कर सकेंगे

ग्राहकों की प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए गूगल ने पेमेंट एप गूगल पे में बड़ा बदलाव किया है। इस पर यूजर अपनी ट्रांजेक्शन हिस्ट्री डिलीट कर सकेंगे। इस फीचर को अपडेट वर्जन के साथ जारी किया जाएगा। निजी डेटा का दुरुपयोग न हो इसलिए ये फीचर लाया जा रहा है। इसे मर्चेट के लिए जारी नहीं किया जाएगा।
विश्व गुर्दा दिवस : 11 मार्च

विश्व किडनी दिवस (डब्ल्यूकेडी) प्रतिवर्ष मार्च माह के दूसरे गुरुवार को मनाया जाता है। यह विश्वभर में किडनी रोग और उससे संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के प्रभाव को कम करने के लिए स्वास्थ्य में किडनी के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए वैश्विक जागरूकता अभियान है। विश्व में दस व्यक्तियों में से एक व्यक्ति किडनी रोग से प्रभावित है।
विश्व किडनी दिवस अंतर्राष्ट्रीय सोसायटी ऑफ नेफ्रोलॉजी (आईएसएन) और इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ किडनी फाउंडेशन (आईएफकेएफ) की एक संयुक्त पहल है।
बीमा क्षेत्र में विदेशी निवेश 49% से बढ़ाकर 74% करने की मंजूरी दी

केन्द्रीय कैबिनेट ने बीमा कानून 1938 में संशोधन कर बीमा क्षेत्र में विदेशी निवेश 49% से बढ़ाकर 74% करने की मंजूरी दे दी है। इससे पहले बीमा क्षेत्र में विदेशी निवेश की सीमा 2015 में 26 से बढ़ाकर 49 प्रतिशत की गई थी।
भारत और उज्बेकिस्तान के बीच डस्टलिक-2 संयुक्त सैन्य अभ्यास

हाल ही में भारत और उज्बेकिस्तान के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास किया गया। यह अभ्यास उत्तराखंड के रानीखेत के चौबटिया में किया गया। यह इस संस्करण का दूसरा अभ्यास है, इसका नाम डस्टलिक-2 रखा गया है। संयुक्त सैन्य अभ्यास का पहला संस्करण 2019 में ताशकंद में आयोजित किया गया था।
भारत के प्रसिद्ध एथलीट ईशर सिंह देयोल का निधन

ईशर सिंह देयोल जिनका हाल ही में निधन हो गया, भारत के प्रसिद्ध एथलीट थे। उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के लिए उन्हें ध्यानचंद राष्ट्रीय खेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्हें फील्ड स्पोर्ट्स डिस्कस और शॉट पुट महारत भी हासिल थी। देयोल ने 1954 में फिलीपींस के मनीला में आयोजित दूसरे एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था।
एमएनआईटी की स्टूडेंट ने बनाया ‘कॉन्टैक्टलेस सैनिटाइजेशन बैग’

एमएनआईटी की स्टूडेंट आयशा मित्तल ने 9वीं क्लास में पढ़ने वाले भाई आयुष के साथ मिलकर ‘कॉन्टेक्टलेस सैनेटाइजेशन बैग’ तैयार किया है। बैग की खासियत है कि इसमें सामान सीधे रखकर सैनेटाइज कर सकेंगे। जिसे एमएनआईटी इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन सेंटर और इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल डिपार्टमेंट्स के प्रोफेसरों के सहयोग से तैयार किया गया है।
बैग के अंदर पावर सप्लाई देने के लिए पावर बैंक बनाया गया है। इसे सामान्य मोबाइल चार्जर से चार्ज किया जा सकेगा। इसे हफ्ते में एक बार चार्ज करने की जरूरत होगी। अब बैग को पेटेंट के लिए भेजा जाएगा। एमएनआईटी के मैकेनिकल इंजीनियरिंग की सेकेंड इयर की स्टूडेंट आयशा ने दोस्त ऋषभ, 9वीं क्लास में पढ़ने वाले छोटे भाई आयुष की मदद से बैग को तैयार किया है।