ऑस्ट्रेलिया में बनी पहली फ्लाइंग रेसिंग कार

ऑस्ट्रेलिया की अलॉडा एरोनॉटिक्स ने दुनिया की पहली फ्लाइंग रेसिंग कार एयरस्पीडर एमके-3 पेश की है। इस कार में 8 प्रोपेलर लगाए गए हैं, यह हेलीकॉप्टर की तरह उठकर तेज रफ्तार से बढ़ती है। इसकी अधिकतम स्पीड 120 किमी है। साल के अंत में होने वाली एक रेस में यह शामिल होगी।

डेढ़ साल बाद कश्मीर में 4जी माेबाइल इंटरनेट शुरू

केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के सभी इलाकाें में डेढ़ साल बाद हाईस्पीड इंटरनेट सेवाएं शुरू कर दी गई। प्रशासन के प्रवक्ता राेहित कंसल ने साेशल मीडिया पर लिखा- 4जी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं पूरे जम्मू-कश्मीर में बहाल की जा रही हैं। 5 फरवरी की आधी रात से ये सेवा पूरे राज्य में शुरू हाे गई है। पांच अगस्त 2019 काे 370 निष्क्रिय करने के बाद से यहां हाईस्पीड इंटरनेट बंद था।

आठ दिन तक आयोजित होंगे 55 सत्र, देश-विदेश के 250 से अधिक साहित्यकार होंगे शामिल

फरवरी की गुलाबी सर्दियों में साहित्य की महफिल सजने की दहलीज पर हैं। साहित्य प्रेमियों के लिए शनिवार से शुरू होने जा रहा है पीपुल्स लिटरेचर फेस्टिवल। इस साहित्य उत्सव में ऑनलाइन 55 सत्र होंगे। जिनमें महीने के हर शनिवार और रविवार दुनिया के कोने-कोने से साहित्य के जाने पहचाने साहित्यकार शामिल होंगे। जिसे देखने के लिए तीन डिजिटल खिड़कियां होंगी। फरवरी के 6, 7, 13, 14, 20, 21, 27 और 28 तारीख को होने वाले पीएलएफ के सत्रों में सब कुछ सिमटा होगा। फिर चाहे वह दुनियाभर से होने वाले कविता पाठ हों, किताबों पर चर्चाएं हों, देश की अर्थव्यवस्था पर बातचीत हो, पत्रकारिता के धर्म पर संवाद हो, या कोई भी अन्य प्रासंगिक और महत्वपूर्ण मुद्दा।

एलईडी लाइट और एसी के लिए पीएलआई योजना को मंजूरी

व्यय वित्त समिति ने पीएलआई स्कीम के तहत एलईडी और एसी को प्रोत्साहन देने का वाणिज्य मंत्रालय का प्रस्ताव मंजूर कर लिया। इससे इनकी घरेलू मैन्युफैक्चरिंग बढ़ेगी। नवंबर में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत इन दोनों क्षेत्रों- एयर कंडीशनर और एलईडी लाइट के लिए 6,238 करोड़ रुपए मंजूर किया था। इस योजना का मकसद भारतीय मैन्युफैक्चरर्स को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। योजना के तहत 2019-20 बेस इयर के दौरान भारत में निर्मित और इस सेगमेंट के सामान की बिक्री बढ़ने पर 4-6 प्रतिशत प्रोत्साहन दिया जाएगा। पीएलआई स्कीम पांच वर्षों के लिए है, जिसके दायरे में 13 सेक्टर आएंगे और 1.97 लाख करोड़ रुपए खर्च होंगे।

महिंद्रा कुलकर्णी टेक महिंद्रा के सीएफओ बने

टेक महिंद्रा ने मिलिंद कुलकर्णी को मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) नियुक्त किया है। कुलकर्णी ने मनोज भट्ट से कार्यभार ग्रहण किया है। कंपनी के एमडी सीपी गुरनानी ने कहा कि मनोज अब महिंद्रा एंड महिंद्रा समूह के मुख्य वित्तीय अधिकारी के तौर पर काम करेंगे। वहीं कुलकर्णी टेक महिंद्रा के सीएफओ के तौर पर काम करेंगे। कुलकर्णी 19 वर्ष से कंपनी के साथ जुड़े हैं।

हाइपोथाइरॉइड के लिए गामा ओरिजनोल को स्वीकृति

केंद्र सरकार ने थाइरॉइड के इलाज के लिए प्राकृतिक एंटी ऑक्सीडेंट गामा ओरिजनोल को नूट्रास्युटिकल के तौर स्वीकृति दे दी है। गामा ओरिजनोल फेरुलिक एसिड इस्टर्स का मिश्रण है। यह बॉयोएक्टिव यौगिक अंकुरित ब्राउन राइस और राइस ब्रान में पाया जाता है। इसको सप्लीमेंट के तौर पर लेने से कई फायदे होते हैं। सर गंगाराम अस्पताल के डॉ. एस पी बोयत्रा का कहना है कि गामा ओरिजनोल जैसे प्राकृतिक एंटी ऑक्सीडेंट हाइपोथाइरॉइड के इलाज में बेहद प्रभावशाली है। विभिन्न अध्ययनों में यह बात सामने आई है।

आईपीएल नीलामी: 1097 खिलाड़ी रजिस्टर अर्जुन तेंदुलकर-श्रीसंथ भी

आईपीएल की नीलामी के लिए 1097 खिलाड़ियों को रजिस्टर किया गया है। इसमें 814 भारतीय और 283 विदेशी खिलाड़ी हैं। विदेशी में सबसे ज्यादा 56 खिलाड़ी वेस्टइंडीज के हैं। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया (42) के हैं। नीलामी 18 फरवरी को चेन्नई में होगी।

87 दिन में 44 हजार किमी की रेस पूरी की, बतौर महिला वर्ल्ड रिकॉर्ड

फ्रांस की सेलर क्लेरीसे क्रीमर ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। वे वेंडी ग्लोब रेस सबसे कम समय में पूरी करने वाली सोलो महिला सेलर बन गई हैं। यह नॉन-स्टॉप राउंड द वर्ल्ड यॉट रेस करीब 44 हजार किमी की होती है। 31 साल की क्रीमर ने यह रेस 87 दिन 2 घंटे 24 मिनट 25 सेकंड में पूरी की। उन्होंने इंग्लैंड की एलेन मैकआर्थर का रिकॉर्ड 7 दिन से तोड़ा। एलेन ने 94 दिन 4 घंटे में पूरी की थी।

इनोवेशन इंडेक्स 2021ः भारत 4 पायदान ऊपर आया

दुनिया में इनोवेशन यानी नई खोजों के मामले में दक्षिण कोरिया इस साल सबसे आगे है। अमेरिका शीर्ष 10 देशों की सूची से भी बाहर है। ब्लूमबर्ग ने अपना ताजा इनोवेशन इंडेक्स 2021 जारी किया है। हालांकि इस लिस्ट में भारत 50वें स्थान पर है। लेकिन अच्छी बात ये है कि भारत पिछले साल के मुकाबले चार स्थान ऊपर आया है दक्षिण कोरिया ने पिछले साल पहले नंबर पर रहे जर्मनी को पीछे छोड़ा है। जर्मनी नए जारी इंडेक्स में चौथे स्थान पर चला गया है। 9 साल से प्रकाशित इस इंडेक्स में 7 बार एशियाई देशों ने टॉप किया है। इस बार एक-एक स्थान ऊपर आकर सिंगापुर और स्विटजरलैंड क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
ब्लूमबर्ग इंडेक्स दस से ज्यादा मानकों का विश्लेषण करता है इसमें रिसर्च और डेवलपमेंट खर्च, मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, हाइटेक पब्लिक कंपनियों का बढ़ना और सेवेन इक्विलिटी वेटेज मैट्रिक्स प्रमुख मानदंड हैं। ब्लूमबर्ग के ज्यादातर डेटा कोरोना महामारी के पहले ही आ गए थे।

एसबीआई इंटर सर्किल क्रिकेट आज से भोपाल में

भोपाल में 6 से 12 फरवरी तक एसबीआई इंटर सर्किल क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित होगा। इसके लिए जयपुर सर्किल की टीम का कप्तान अनिल सिन्हा को बनाया गया। यूनुस अली खान उपकप्तान होंगे।

START DAILY QUIZ

Leave a Reply