जैक मा लापता, सरकारी बैंकों की आलोचना की थी

चीन के सबसे अमीर लोगों में शामिल जैक मा लापता हो गए हैं। वे करीब दो माह से किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नहीं देखे गए हैं। उनके खुद के बनाए टीवी शो ‘अफ्रीका के बिजनेस हीरो’ में भी जैक मा की जगह किसी और को भेज दिया गया है। जैक मा ने नवंबर 2020 में चीन की सरकारी एजेंसियों व बैंकों के कामकाज पर सवाल उठाए थे।

ओलंपिक में स्वर्ण जीतने पर अब मिलेंगे 3 करोड़

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ओलिंपिक, एशियाई तथा राष्ट्रमंडल जैसे अंतरराष्ट्रीय खेलों में पदक जीत कर राजस्थान का नाम रोशन करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को दी जाने वाली ईनामी राशि में तीन से चार गुना तक बढ़ोतरी करने का निर्णय किया है।
गहलोत ने ओलिंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर दी जानी वाली 75 लाख रुपए की राशि को बढ़ाकर 3 करोड़ रुपए, रजत पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपए तथा कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 30 लाख रुपए से बढ़ाकर एक करोड़ रुपए करने को मंजूरी दी है। इसी प्रकार एशियन गेम्स तथा कॉमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर प्रदेश के खिलाड़ियों को दी जाने वाली राशि को 30 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपए, रजत पदक जीतने पर ईनामी राशि 20 लाख से बढ़ाकर 60 लाख रुपए तथा कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 10 लाख रुपए से बढ़ाकर 30 लाख रुपए करने का निर्णय किया है।

कजाकिस्तान ने कानूनी प्रक्रिया से दिए जाने वाले मृत्युदंड पर प्रतिबंध लगा दिया

कजाकिस्तान ने कानूनी प्रक्रिया से दिए जाने वाले मृत्युदण्ड पर प्रतिबंध लगा दिया है। कजाकिस्तान 2003 से इसे लागू करने का प्रयास कर रहा था। 2003 के बाद से ही कजाकिस्तान में किसी व्यक्ति को मृत्युदण्ड नहीं दिया गया है। उज्बेकिस्तान भी मृत्युदण्ड पर प्रतिबंध लगा चुका है।

उष्णकटिबंधीय चक्रवात यासा से फिजी बुरी तरह प्रभावित हुआ

उष्णकटिबंधीय चक्रवात यासा से फिजी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस तूफान को श्रेणी-5 में रखा गया है। फिजी के वेनुआ लेउ द्वीप को इस चक्रवात की वजह से सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है।

भारत के छह राज्यों में लाइट हाउस प्रोजेक्ट की शुरुआत

भारत सरकार के शहरी कार्य मंत्रालय ने शहरी क्षेत्रों में गरीब लोगों को आवास उपलब्ध करवाने के लिए देश के छह राज्यों त्रिपुरा के अगरतला, झारखंड के रांची, उत्तरप्रदेश के लखनऊ, मध्यप्रदेश के इंदौर, गुजरात के राजकोट और तमिलनाडु के चेन्नई में लाइट हाउस प्रोजेक्ट की शुरुआत की है।

रिजर्व बैंक ने डिजिटल पेमेंट्स इंडेक्स लॉन्च किया

रिजर्व बैंक ने डिजिटल पेमेंट सर्विसेज के आंकलन के लिए डिजिटल पेमेंट्स इंडेक्स लॉन्च किया है। सुगम भुगतान, भुगतान के लिए मांग आधारित बुनियादी ढांचा, आपूर्ति आधारित बुनियादी ढांचा, भुगतान प्रदर्शन व उपभोक्ता केंद्रित सेवा इसके प्रमुख मानदंड हैं।

18 से शुरू होगा ‘बाल आयोग आपके द्वार’ अभियान

अधिकार संरक्षण आयोग राज्य में ‘आयोग आपके द्वार अभियान’ की शुरुआत करने जा रहा है। अभियान के तहत राज्य के प्रत्येक जिले में आयोग के सभी सदस्य एवं अधिकारीगण बालगृहों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, विद्यालयों, पुलिस थानों आदि का औचक निरीक्षण करेंगे। बालकबालिकाओं से वार्ता कर उनके विचार जानेंगे और बाल अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। जिला मुख्यालय में जनसुनवाई की जाएगी। प्राप्त परिवेदनाओं का तुरंत निराकरण कराया जाएगा। 18 जनवरी से इसकी शुरुआत अलवर जिले से की जाएगी।
यह जानकारी राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग अध्यक्ष संगीता बेनीवाल की अध्यक्षता में हुई फुल कमीशन की बैठक दी गई। बाल आयोग की अध्यक्ष बेनीवाल ने बताया कि बैठक में आगामी एक वर्ष की कार्ययोजना पर विचार कर उसकी क्रियान्विति का निर्णय लिया गया। साथ ही मेंटल हेल्थ एंड साइकोसोशल सपोर्ट हेल्पलाइन शुरू करने के लिए स्वयंसेवी संस्था के साथ एमओयू किया गया।

जेके टायर के प्लांट को अवार्ड

जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज लि को कार्बन उत्सर्जन कम करने के मद्देनजर उद्योग संगठन सीआईआई ने दो पुरस्कार से सम्मानित किया है। राजस्थान में कांकरोली स्थित प्लांट को जल के संरक्षण के लिए नेशनल वाटर अवार्ड दिया गया है। इन पुरस्कार की घोषणा 14वें सीआईआई नेशनल अवार्ड्स फॉर एक्सीलेंस इन वाटर मैनेजमेंट 2020 के दौरान हुई थी। कंपनी के निदेशक अनिल मक्कड़ ने कहा कि कांकरोली प्लांट विश्व के टायर उद्योग में पानी की सबसे कम खपत करता है। कंपनी के चेन्नई स्थित प्लांट को लगातार छठी बार एक्सीलेंट ‘एनर्जी एफिशियंट यूनिट’ का खिताब मिला है। इस प्लांट ने 21वें नेशनल अवार्ड फॉर एक्सीलेंस इन एनर्जी मैनेजमेंट 2020 फोरम के दौरान ‘नेशनल एनर्जी लीडर’ पुरस्कार के लिए क्वारलिफाई किया है।

START DAILY QUIZ

Leave a Reply