रिषभ पंत,जो रूट और स्टर्लिंग आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए नामित हुए

आईसीसी ने पहले प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए नामित खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है। पुरुष कैटेगरी में भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत, इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट और आयरलैंड के ओपनर पॉल स्टर्लिंग हैं। महिला वर्ग में पाक की डायना बेग, दक्षिण अफ्रीका की शबनम इस्माइल और मारिजान कैप नामित हैं। जनवरी में पंत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट में 97 और ब्रिस्बेन में 89 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी।
भारतवंशी भव्या लाल बनीं नासा की कार्यकारी प्रमुख

भारतवंशी भव्या लाल नासा की कार्यकारी प्रमुख बनाई गई हैं। वे राष्ट्रपति बाइडन के नासा में बदलाव संबंधी समीक्षा दल की सदस्य हैं। लाल के पास इंजीनियरिंग और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का खासा अनुभव है। वे इंस्टिट्यूट फॉर डिफेंस एनालसिस साइंस एंड टेक्नोलॉजी पॉलिसी इंस्टिट्यूट में 2005 से 2020 तक काम कर चुकी हैं। वे परमाणु इंजीनियरिंग और सार्वजनिक नीति सम्मान सोसायटी की सदस्य भी हैं।
2020 का हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर ‘आत्मनिर्भरता’

ऑक्सफोर्ड लैंग्वेजेस ने आत्मनिर्भरता को वर्ष 2020 का हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर घोषित किया है। इस शब्द का जिक्र पीएम मोदी ने कोरोना से उबरने के लिए आर्थिक पैकेज की घोषणा करते वक्त किया था। इससे पहले 2017 में ‘आधार’, 2018 में ‘नारी शक्ति’ और 2019 में ‘संविधान’ को ऑक्सफोर्ड ने हिंदी का साल का शब्द चुना था।
‘डेजर्ट नेशनल पार्क ए ज्वेल इन दा वाइबेंट थार’ का विमोचन आज

जैसलमेर स्थित मरुभूमि राष्ट्रीय उद्यान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा करने के लिए राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सदस्य सचिव डॉ. गोबिंद सागर भारद्वाज की पुस्तक ‘डेजर्ट नेशनल पार्क ए ज्वेल इन दा वाइब्रेट थार’ का विमोचन होगा। शाम 5.30 बजे कार्यक्रम जेएलएन मार्ग स्थित वानिकी प्रशिक्षण संस्थान में होगा। डॉ. गोबिंद सागर ने बताया कि इस तरह के उद्यान के बारे में लोगों को ज्यादा जानकारी नहीं है। जानकारी मुहैया करवाने, वहां के जीव-जंतु, प्राणी, पेड़-पौधे और रहन सहन सहित अन्य जानकारियों को पुस्तक में साझा किया गया है। राज्य पक्षी गोडावण के संरक्षण के बारे में पुस्तक में जानकारी दी गई है। पुस्तक में असद रहमानी का भी सहयोग रहा है।
प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ईशरत बानो दिल्ली में सम्मानित

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रीय महिला आयोग के 29 वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में राजस्थान की महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ईशरत बानों को “महिला कोविड योद्धा’ के वास्तविक हीरों का सम्मान स्वरूप प्रशंसा पत्र व शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में राजस्थान सहित मध्यप्रदेश, झारखड़, मिजोरम व तेलागाना राज्य की एक-एक महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का चयन कर उत्कर्ष कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
केंद्रीय बजट के लिए ‘केंद्रीय बजट मोबाइल एप’ लॉन्च किया गया

केंद्रीय बजट की आसान और पेपरलेस पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ‘केंद्रीय बजट मोबाइल एप’ लॉन्च किया गया है। यह एप वार्षिक वित्तीय विवरण (AFS), अनुदान की मांग (DG) और वित्त विधेयक आदि सहित 14 केंद्रीय बजट दस्तावेजों को देखने की सुविधा प्रदान करता है।
लोअर अरुण हाइड्रो परियोजना

नेपाल की लोअर अरुण हाइड्रो परियोजना के निर्माण का काम नेपाल सरकार द्वारा भारत के सतलुज जल विद्युत निगम को दिया गया है। 679 मेगावाट की परियोजना के लिए सतलुज जल विद्युत निगम को अंतरराष्ट्रीय बोली प्रक्रिया के माध्यम से चुना गया है।
स्टारडस्ट 1.0 दुनिया का पहला जैव ईंधन संचालित कॉमर्शियल बूस्टर रॉकेट

स्टारडस्ट 1.0 दुनिया का पहला जैव ईंधन संचालित कॉमर्शियल बूस्टर रॉकेट है जिसे अमेरिका की स्टार्टअप कंपनी ब्लूशिब्लूशिफ्ट एयरोस्पेस ने विकसित किया है। यह बूस्टर तकरीबन 20 फीट लंबा है और इसका वजन लगभग 250 किलो है।
भारतीय तटरक्षक बल स्थापना दिवस

1 फरवरी को भारतीय तटरक्षक बल स्थापना दिवस मनाया जाता है। इस साल भारतीय तटरक्षक बल ने अपना 45वां स्थापना दिवस मनाया।
ब्रिटेनः मुस्लिमों की सबसे बड़ी संस्था की पहली महिला महासचिव बनीं जारा

दुनिया के तमाम देशों की मुस्लिम संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी न के बराबर ही है। पर इस दिशा में ब्रिटेन ने बड़ा कदम उठाया है। ब्रिटेन की मस्जिदों, मदरसों और मुस्लिम संगठनों की सबसे बड़ी संस्था मुस्लिम काउंसिल ऑफ ब्रिटेन (एमसीबी) ने जारा मोहम्मद को महासचिव चुन लिया है। 22 साल पुरानी परिषद में इस पद पर जगह बनाने वाली जारा पहली महिला हैं। ग्लासगो की रहने वाली 29 साल की जारा पेशे से ट्रेनिंग एंड डवलपमेंट की सलाहकार हैं। वे मानवाधिकार कानून में मास्टर डिग्रीधारी हैं और परिषद में सबसे युवा हैं। उनका कार्यकाल दो साल का रहेगा। महासचिव का चुनाव एमसीबी के सालाना अधिवेशन में हुआ।